RAID UPDATE | PRA ग्रुप पर IT का शिकंजा, 14 करोड़ कैश और करोड़ों के गहने बरामद!

रायपुर। छत्तीसगढ़ में PRA ग्रुप से जुड़े ठिकानों पर आयकर विभाग की कार्रवाई लगातार तीसरे दिन भी जारी है। जांच के दौरान अब तक करीब 14 करोड़ रुपये नकद और बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के गहने मिलने की जानकारी सामने आई है। विभाग को इन लेन-देन से जुड़े डिजिटल सबूत भी मिले हैं।
25 बैंक लॉकर खुलवाए, 20 करोड़ की ज्वेलरी मिली
शुक्रवार 20 नवंबर को आयकर विभाग की टीम ने रायपुर में करीब 25 बैंक लॉकर खुलवाए। इनमें बड़ी मात्रा में सोने और चांदी के आभूषण मिले हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 20 करोड़ रुपये बताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक अघोषित आय और संभावित टैक्स चोरी का आकलन दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच के बाद ही होगा।
इस कार्रवाई में करीब 120 अधिकारी जुटे हैं। छत्तीसगढ़ के छह जिलों के अलावा महाराष्ट्र के मुंबई और नागपुर तथा झारखंड के रांची और जमशेदपुर में भी एक साथ जांच की जा रही है। कुल मिलाकर करीब 50 ठिकाने आयकर विभाग के निशाने पर हैं।
अंबिकापुर और सूरजपुर तक पहुंची जांच
इससे पहले अंबिकापुर में PRA ग्रुप के मालिक रमेशचन्द्र अग्रवाल के MG रोड स्थित निवास पर कार्रवाई हुई थी। वहीं, सूरजपुर में PRA ग्रुप के कार्यालय और साकेत प्रोडक्ट्स एंड रोलिंग मिल के राइस मिल में भी दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच की गई।
फिलहाल आयकर विभाग की कार्रवाई जारी है। अब जांच में मिले दस्तावेज और डिजिटल सबूत कई बड़े वित्तीय खुलासे कर सकते हैं।



