CG BREAKING | DMF फंड में कमीशन का खेल! ED ने खोली परतें, संपत्ति कुर्क

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित जिला खनिज न्यास निधि (DMF) घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने बीज निगम के माध्यम से DMF की राशि के कथित दुरुपयोग और मनी लॉन्ड्रिंग की जांच में करीब 31.70 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्तियां अस्थायी रूप से कुर्क की हैं। यह कार्रवाई 29 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के तहत की गई।
इसके अलावा ED ने 30 अक्टूबर को रायपुर की विशेष PMLA अदालत में सतपाल सिंह चाबड़ा, मंदीप चावला समेत 17 आरोपितों के खिलाफ पूरक अभियोजन शिकायत दाखिल की है।
जांच में कमीशन का बड़ा खेल सामने आने का दावा है। ED के मुताबिक, सरकारी खरीद आदेशों की मूल राशि पर एजेंट और बिचौलिये 25 से 50 प्रतिशत तक कमीशन वसूलते थे। आरोप है कि इस रकम का हिस्सा अधिकारियों और प्रभावशाली लोगों तक पहुंचाया जाता था। इसके लिए नकद और बैंकिंग माध्यमों का इस्तेमाल किया गया।
जांच एजेंसी ने सतपाल सिंह चाबड़ा को इस नेटवर्क का प्रमुख बिचौलिया और वित्तीय समन्वयक बताया है। उसे एक सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया था।
ED के अनुसार, इस मामले में अब तक चार आरोपित गिरफ्तार हो चुके हैं, जिनमें IAS अधिकारी रानू साहू भी शामिल हैं। एजेंसी ने अपराध से अर्जित संपत्ति करीब 35 करोड़ रुपये आंकी है और अब तक कुल लगभग 50 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क करने की जानकारी दी है।
मामले में सरकारी अधिकारियों, एजेंटों और अन्य लोगों की भूमिका की जांच अभी जारी है। आरोपों पर अंतिम फैसला अदालत में होना बाकी है।



