RAIPUR PROTEST | मंत्री बंगले का घेराव, D.Ed अभ्यर्थियों से झड़प

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नियुक्ति की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे D.Ed अभ्यर्थियों का गुस्सा अब सड़कों पर नजर आने लगा है। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के बंगले के बाहर पहुंचकर घेराव किया और जमकर नारेबाजी की। इस दौरान उनके परिजन भी साथ मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों को हटाने पहुंची पुलिस और अभ्यर्थियों के बीच झड़प भी हुई।
पुलिस ने गाड़ियों में बैठाकर भेजा धरना स्थल
मंत्री बंगले के बाहर अभ्यर्थियों की भीड़ जुटने से मौके पर हलचल मच गई। प्रदर्शनकारी नियुक्ति की मांग को लेकर अपनी आवाज उठाते रहे। स्थिति संभालने के लिए पुलिस बल मौके पर पहुंचा। इस दौरान पुलिस और अभ्यर्थियों के बीच धक्का-मुक्की हुई। बाद में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाया और गाड़ियों में बैठाकर वापस धरना स्थल भेज दिया।
2,300 अभ्यर्थियों का आंदोलन जारी
जानकारी के मुताबिक, प्रदेश के करीब 2,300 D.Ed अभ्यर्थी नियुक्ति की मांग को लेकर 24 दिसंबर 2025 से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं। लंबे समय से आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों की मांग है कि उन्हें जल्द नियुक्ति दी जाए।
अभ्यर्थियों का कहना है कि लगातार प्रदर्शन के बावजूद उनकी मांगों पर अब तक समाधान नहीं हुआ है। इसी वजह से वे आंदोलन जारी रखने को मजबूर हैं।
फिलहाल D.Ed अभ्यर्थियों का धरना जारी है। अब देखना होगा कि सरकार उनकी नियुक्ति की मांग पर क्या फैसला लेती है।



