CHHATTISGARH | हेल्पलाइन में शिकायत, समाधान कहां?

रायपुर। आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए शुरू की गई मुख्यमंत्री हेल्पलाइन व्यवस्था पर अब सवाल उठने लगे हैं। छत्तीसगढ़ डॉक्टर्स फेडरेशन (CGDF) के अध्यक्ष डॉ. हीरा सिंह लोधी ने आरोप लगाया है कि पोर्टल पर शिकायतें दर्ज तो हो रही हैं, लेकिन उनका समय पर निराकरण नहीं हो रहा। कई शिकायतें एक विभाग से दूसरे विभाग के बीच ही उलझी रह जाती हैं।
शिकायत एक महीने से प्रक्रियाधीन
फेडरेशन ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर दर्ज शिकायत क्रमांक WP261000238191 का उदाहरण दिया है। यह शिकायत 17 अक्टूबर 2026 को चिकित्सा शिक्षा विभाग से जुड़े मुद्दों पर दर्ज की गई थी।
इसमें डॉक्टरों की बॉन्ड व्यवस्था में सुधार, बॉन्डेड MBBS और PG चिकित्सकों का न्यूनतम वेतन बढ़ाने तथा उच्च चिकित्सा शिक्षा के लिए भारी बैंक गारंटी और अचल संपत्ति गिरवी रखने जैसी शर्तें खत्म करने की मांग की गई थी।
फेडरेशन के मुताबिक, 21 अक्टूबर को शिकायत को संबंधित विभाग के अधिकार क्षेत्र से बाहर बताकर उचित प्राधिकारी को भेजने की बात कही गई। इसके बावजूद 13 नवंबर तक शिकायत प्रक्रियाधीन दिखाई दे रही थी।
अधिकारियों की जवाबदेही पर सवाल
डॉ. हीरा सिंह लोधी ने सवाल उठाया कि गलत विभाग में पहुंची शिकायत को सही विभाग तक पहुंचाने की जिम्मेदारी आखिर किसकी है? उनका कहना है कि शिकायत को एक कार्यालय से दूसरे कार्यालय भेजना समाधान नहीं है। फेडरेशन ने लंबित शिकायतों की समीक्षा, अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और समयबद्ध निराकरण की मांग की है।



