RAIPUR AIRPORT | एयरपोर्ट पर टैक्सी चालकों की मनमानी, पुलिस ने दी चेतावनी!

रायपुर। रायपुर के माना एयरपोर्ट पर टैक्सी चालकों के बीच सवारी बैठाने को लेकर विवाद और यात्रियों से ज्यादा किराया वसूलने की शिकायतों पर पुलिस ने सख्ती दिखाई है। ओला, उबर और रैपिडो समेत टैक्सी ऑपरेटरों की बैठक लेकर साफ निर्देश दिए गए हैं कि यात्रियों से तय किराया ही लिया जाए और उनके साथ शालीन व्यवहार किया जाए।
रायपुर ग्रामीण एसपी के निर्देश पर एएसपी ने माना CSP कार्यालय में यह बैठक ली। पुलिस ने चेतावनी दी कि सवारी बैठाने या किराए को लेकर विवाद, दुर्व्यवहार और मारपीट करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई होगी।
दरअसल, 17 नवंबर को एयरपोर्ट पर यात्री को बैठाने को लेकर दो टैक्सी चालकों के बीच बहस के बाद मारपीट हो गई थी। CISF जवानों ने मौके पर पहुंचकर दोनों को अलग कराया। इससे पहले सितंबर 2024 और जनवरी 2024 में भी एयरपोर्ट पर टैक्सी चालकों के बीच मारपीट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। जनवरी की घटना में FIR भी दर्ज हुई थी।
वहीं, नवंबर 2026 में इटली की DJ ओली एस्से ने भी रायपुर में रैपिडो यात्रा को लेकर शिकायत की थी। उनका आरोप था कि ऐप पर किराया 281 रुपये दिखा, लेकिन चालक ने 500 रुपये अतिरिक्त मांगे।
लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने ऑपरेटरों को नियमों का पालन करने और यात्रियों को परेशान नहीं करने की हिदायत दी है। अब देखना होगा कि इस सख्ती के बाद एयरपोर्ट पर टैक्सी व्यवस्था कितनी सुधरती है।



