BASTAR MALNUTRITION | बस्तर में कुपोषण की गंभीर तस्वीर, बजट का इंतजार …

रायपुर। बस्तर में बच्चों के कुपोषण को लेकर चिंता बढ़ गई है। जिले में करीब 80 हजार बच्चों में से 14 हजार बच्चे कुपोषण की श्रेणी में हैं। यानी लगभग 17 प्रतिशत बच्चे इससे प्रभावित हैं। इनमें करीब 2 प्रतिशत बच्चे गंभीर कुपोषण की स्थिति में हैं।
जिले के 7 पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) संचालित हैं, लेकिन सभी 140 बेड भरे हुए हैं। दरभा और तोकापाल में स्थिति ज्यादा चिंताजनक बताई जा रही है। आंकड़े बताते हैं कि जिले में हर 6 बच्चों में करीब एक बच्चा कुपोषण से जूझ रहा है।
महिला एवं बाल विकास विभाग आंगनबाड़ी केंद्रों के जरिए बच्चों को नाश्ता और गर्म भोजन दे रहा है। गर्भवती महिलाओं और 3 साल तक के बच्चों को टेक होम राशन भी दिया जाता है। कुपोषित बच्चों के परिवारों को खानपान के प्रति जागरूक करने के लिए घर-घर संपर्क किया जा रहा है।
इसके बावजूद कुपोषण की दर में कमी नहीं आ रही है। विभाग 1 से 14 दिसंबर तक पोषण त्योहार मनाने की तैयारी कर रहा है। इस दौरान बच्चों का वजन, महिलाओं और किशोरियों की एनीमिया जांच और BMI संबंधी जानकारी जुटाई जाएगी।
लेकिन सबसे बड़ी चुनौती अतिरिक्त पोषण आहार की है। अधिकारियों के मुताबिक, सुपोषण अभियान के लिए फिलहाल बजट उपलब्ध नहीं है। बजट मिलने के बाद कुपोषित बच्चों को अतिरिक्त पोषण देने की योजना है।



