CG ACCIDENT | विधायक के भाई समेत 3 की मौत!

मुंगेली। जिले के दशरंगपुर क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। बिलासपुर-मुंगेली मुख्य मार्ग पर मॉर्निंग वॉक के लिए निकले ग्रामीणों को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। मृतकों में पूर्व मंत्री और मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले के भाई अधीन मोहले भी शामिल हैं।
टक्कर मारकर फरार हुआ चालक
जानकारी के मुताबिक, तीनों ग्रामीण सुबह दशरंगपुर के पास सड़क पर टहल रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
मृतकों की पहचान अधीन मोहले, बबलू बघेल और गंगाराम के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी।
फरार वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है।
जरहागांव पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार वाहन व चालक की तलाश कर रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी भी जांच की जा रही है।



