CG BIG RELIEF | सालों से अटकी अनुकंपा नियुक्ति, अब बनेगी नई नीति

रायपुर। छत्तीसगढ़ के विघटित परिवहन निगम के दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों के लिए लंबे समय से अटकी अनुकंपा नियुक्ति का मामला फिर आगे बढ़ा है। राज्य सरकार ने इसके स्थायी समाधान के लिए सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव की अध्यक्षता में 7 सदस्यीय अंतर्विभागीय समिति गठित की है। समिति को एक महीने में अपनी रिपोर्ट देनी है।
पहले इन कर्मचारियों के आश्रितों को शिक्षाकर्मी वर्ग-3 के पद पर अनुकंपा नियुक्ति देने का प्रावधान था। बाद में शिक्षाकर्मी पद समाप्त होने के बाद 13 दिसंबर 2022 के आदेश से CIDC के तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के रिक्त पदों पर नियुक्ति का रास्ता बनाया गया, लेकिन पर्याप्त पद नहीं होने से कई मामले लंबित रह गए।
अब समिति लंबित मामलों के समाधान के लिए नई नीति का खाका तैयार करेगी। रिपोर्ट आने के बाद इसे मंत्रिपरिषद के अनुमोदन के लिए रखा जाएगा। कैबिनेट की मंजूरी के बाद नई नीति अधिसूचित की जाएगी। यानी फिलहाल नियुक्ति का अंतिम फैसला नहीं हुआ है, लेकिन वर्षों से लंबित मामलों के लिए नई नीति बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।



