CHHATTISGARH | 20 साल पुराने रिश्वत केस में बड़ा एक्शन!

रायपुर। छत्तीसगढ़ के एक पुराने रिश्वत मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने करीब 20 साल बाद बड़ी कार्रवाई की है। ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग के तत्कालीन कार्यपालन अभियंता राकेश कुमार शर्मा और तत्कालीन एसडीओ मुजीब मोहम्मद शाह के खिलाफ विशेष न्यायालय, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, कोंडागांव में चालान पेश किया गया है।
मामला साल 2006 का है। शिकायतकर्ता हेमेश कुमार गांधी को आश्रम भवन, उप स्वास्थ्य केंद्र और बालक छात्रावास में विद्युतीकरण का काम मिला था। इन कार्यों का ले-आउट देने और लंबित बिलों के भुगतान के एवज में तत्कालीन कार्यपालन अभियंता राकेश कुमार शर्मा पर 5 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप था।
ट्रैप के दौरान कार से फरार हुआ था एसडीओ
शिकायत मिलने के बाद ACB ने 14 दिसंबर 2006 को ट्रैप कार्रवाई की। आरोप है कि इस दौरान एसडीओ मुजीब मोहम्मद शाह ने शिकायतकर्ता से 5 हजार रुपये रिश्वत ली और कार से भागने लगा। टीम ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन कार से टक्कर मारकर वह फरार हो गया। बाद में घटनास्थल के पास फेंकी गई रिश्वत की पूरी रकम बरामद की गई।
इसी मामले में कार्यपालन अभियंता के शासकीय आवास की तलाशी में 6 लाख 30 हजार 200 रुपये नकद जब्त किए गए थे।
ACB ने रिश्वत मांगने और लेन-देन की रिकॉर्डिंग, गवाहों के बयान, जब्त रकम और अन्य दस्तावेजी साक्ष्य जुटाने के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं में चालान पेश किया है। अब मामले की सुनवाई न्यायालय में होगी।



