ED APPEAL TRIBUNAL | 61 करोड़ की कुर्की पर चैतन्य की चुनौती!

रायपुर, 16 नवंबर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की करीब 61 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क करने की ED की कार्रवाई को दिल्ली स्थित अपीलेट ट्रिब्यूनल में चुनौती दी गई है। सोमवार को मामले की सुनवाई हुई, लेकिन ED की ओर से जवाब दाखिल करने के लिए 3-4 हफ्ते का समय मांगा गया। ट्रिब्यूनल ने अतिरिक्त समय देने से इनकार कर दिया। अब मामले की अगली सुनवाई 23 नवंबर को होगी।
355 प्लॉट पर कार्रवाई को चुनौती
चैतन्य के वकील हर्षवर्धन परगनिहा के मुताबिक, संपत्ति कुर्की का मामला पिछले दो महीने से ट्रिब्यूनल में लंबित है। चैतन्य ने ED के अंतरिम कुर्की आदेश के खिलाफ पहले ही अपील दायर कर रखी है। ट्रिब्यूनल ने ED को जवाब देने के दो मौके दिए, लेकिन अब तक जवाब दाखिल नहीं हुआ।
इसी बीच दीपावली की छुट्टी के दौरान ED ने दुर्ग जिले के कुम्हारी स्थित विट्ठल ग्रीन कॉलोनी के 355 प्लॉट पर कुर्की की कार्रवाई की। चैतन्य की ओर से इस कार्रवाई के खिलाफ तत्काल सुनवाई की मांग की गई थी।
शराब घोटाले की रकम निवेश करने का आरोप
ED का आरोप है कि शराब घोटाले से कथित तौर पर अर्जित अवैध धन को रियल एस्टेट में निवेश किया गया। विट्ठल ग्रीन कॉलोनी में कुल 385 प्लॉट हैं, जिनमें से 30 पहले ही आम खरीदारों को बेचे जा चुके हैं।
PMLA के तहत अंतरिम कुर्की आदेश के बाद संबंधित पक्ष 30 दिनों के भीतर निर्णायक प्राधिकरण में शिकायत कर सकते हैं। कुर्की की पुष्टि होने पर 45 दिनों के भीतर अपीलेट ट्रिब्यूनल में अपील का प्रावधान है। अब 23 नवंबर की सुनवाई में ED की कार्रवाई और चैतन्य की अपील पर आगे की स्थिति साफ हो सकती है।



