HDFC BANK NEW CHAIRMAN | पूर्व वित्त सचिव राजीव कुमार संभालेंगे कमान

रायपुर। देश के सबसे बड़े निजी बैंकों में शामिल HDFC बैंक ने अपने नए चेयरमैन के नाम का ऐलान कर दिया है। बैंक के निदेशक मंडल ने पूर्व वित्त सचिव और पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार को नया चेयरमैन नियुक्त करने को मंजूरी दे दी है।
बैंक की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, राजीव कुमार को चार साल के लिए इंडिपेंडेंट डायरेक्टर बनाया जाएगा। उनकी नियुक्ति 30 जून 2026 से प्रभावी होगी, हालांकि अंतिम फैसला भारतीय रिजर्व बैंक की मंजूरी के बाद ही लागू माना जाएगा।
RBI की हरी झंडी मिलने के बाद उन्हें तीन साल के लिए अंशकालिक चेयरमैन की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। वे मौजूदा चेयरमैन अतनु चक्रवर्ती की जगह लेंगे, जिन्होंने मार्च में नैतिक कारणों का हवाला देते हुए अचानक इस्तीफा दे दिया था।
राजीव कुमार देश के 25वें मुख्य चुनाव आयुक्त रह चुके हैं और 1984 बैच के IAS अधिकारी हैं। उन्होंने 2017 से 2020 तक वित्तीय सेवा विभाग के सचिव के तौर पर काम किया। इसी दौरान सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक एनपीए और पूंजी संकट जैसी बड़ी चुनौतियों से जूझ रहे थे।
सरकार और बैंकिंग क्षेत्र में उनकी पहचान एक ऐसे अधिकारी के रूप में रही है जिन्होंने एनपीए की पारदर्शी पहचान, जवाबदेही और दिवाला प्रक्रिया को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। इनसॉल्वेंसी एंड बैंक्रप्सी कोड के प्रभावी इस्तेमाल को आगे बढ़ाने का श्रेय भी उन्हें दिया जाता है।
अब सबकी नजर RBI की मंजूरी पर है, जिसके बाद HDFC बैंक की कमान औपचारिक रूप से उनके हाथों में आ जाएगी।



