MAHADEV BETTING CASE | पिट्टी पर ED की चार्जशीट, करोड़ों के शेयर अटैच

रायपुर। महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ED ने EaseMyTrip के को-फाउंडर निशांत पिट्टी के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। एजेंसी का आरोप है कि अवैध बेटिंग से जुड़ी रकम को विदेशी पोर्टफोलियो निवेश के जरिए भारतीय शेयर बाजार में लाने में उनकी भूमिका रही।
ED ने 10 सितंबर को रायपुर की विशेष PMLA अदालत में चार्जशीट दाखिल करते समय पिट्टी के ₹59.60 करोड़ के डीमैट शेयर प्रोविजनल तौर पर अटैच किए हैं। एजेंसी ने इन शेयरों को कथित प्रोसीड्स ऑफ क्राइम बताते हुए कोर्ट से जब्ती की अनुमति मांगी है।
यह मामला ED की पांचवीं सप्लीमेंट्री चार्जशीट से जुड़ा है, जिसमें 42 लोगों और कंपनियों को आरोपी बनाया गया है। एजेंसी का आरोप है कि पिट्टी का दुबई स्थित Skyexchange से जुड़े कारोबारी हरि शंकर तिबरेवाल से करीबी संबंध था और कथित तौर पर बेटिंग से आई रकम की लेयरिंग में मदद की गई।
ED के मुताबिक, जांच में यह भी आरोप सामने आया कि भारतीय इक्विटी मार्केट में रकम लगाने और शेयर की कीमत को प्रभावित करने के लिए एक पूर्व-निर्धारित सौदे का इस्तेमाल किया गया। एजेंसी ने EaseMyTrip और Skyexchange के बीच 2022 में क्रिकेट सीरीज की स्पॉन्सरशिप को भी अपने आरोपों के समर्थन में पेश किया है।
गौर करने वाली बात यह है कि ये ED के आरोप हैं, कोर्ट का अंतिम निष्कर्ष नहीं। EaseMyTrip ने 2025 में जांच के दौरान महादेव ऐप या किसी अवैध बेटिंग प्लेटफॉर्म से किसी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष संबंध से इनकार किया था। नई चार्जशीट पर कंपनी की ताजा प्रतिक्रिया अभी उपलब्ध नहीं है।



