chhattisgarhhindi newsछत्तीसगढ़

SAKTI MURDER CASE | ‘शूटर’ फिल्म से मिला आइडिया और 3 गोलियां…

 

सक्ती। सक्ती के चर्चित पूर्णिमा चौहान हत्याकांड का पुलिस ने सिर्फ 4 दिन में सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। कहानी किसी क्राइम फिल्म से कम नहीं निकली। शादीशुदा प्रेमी ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर गर्लफ्रेंड को रास्ते से हटाने के लिए 4 लाख रुपए की सुपारी दे डाली।

26 जून की सुबह दो नकाबपोश युवक बिना नंबर की बाइक से पूर्णिमा के घर पहुंचे और पहचान पक्की करने के बाद उस पर ताबड़तोड़ तीन गोलियां दाग दीं। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।

पुलिस जांच में सामने आया कि पूर्णिमा और रायगढ़ निवासी मुरलीशंकर चौहान के बीच प्रेम संबंध थे। लेकिन जब मुरलीशंकर ने दूरी बनानी शुरू की और पूर्णिमा शादी का दबाव बनाने लगी, तब पति-पत्नी ने खौफनाक साजिश रच डाली।

आरोप है कि मुरलीशंकर और उसकी पत्नी चम्पा ने झारखंड के राजेंद्र महंत से संपर्क कर 4 लाख रुपए में हत्या की डील की। चम्पा ने अपने पोस्ट ऑफिस का खाता तुड़वाकर 2 लाख रुपए एडवांस भी दिए थे।

पूछताछ में शूटरों ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि उन्होंने ‘शूटर’ फिल्म देखकर वारदात को अंजाम देने का तरीका सीखा था। हत्या के बाद सुपारी की रकम आपस में बांटने की योजना भी पहले से तय थी।

मोबाइल लोकेशन, सीडीआर, टावर डंप और सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने छत्तीसगढ़, झारखंड और महाराष्ट्र में दबिश देकर पति-पत्नी समेत कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से पिस्टल, कारतूस, बाइक, मोबाइल और 71,500 रुपए नकद भी बरामद किए गए हैं।

सक्ती पुलिस का कहना है कि पूरे अंधे कत्ल का खुलासा वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के दम पर किया गया है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button