CG TEACHERS PROMOTION | शिक्षकों को बड़ी सौगात, स्कूल शिक्षा विभाग में 1227 व्याख्याताओं की पदोन्नति

रायपुर, 24 जुलाई 2025. छत्तीसगढ़ में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर स्कूल शिक्षा विभाग ने विभिन्न विषयों के 1227 व्याख्याता (टी संवर्ग) शिक्षकों को पदोन्नति का आदेश जारी किया है। इनकी पदस्थापना काउंसिलिंग के माध्यम से की जाएगी, ताकि पारदर्शिता और जरूरत के अनुसार शिक्षकों की तैनाती हो सके।
पदोन्नति पाने वाले विषयों में हिन्दी, अंग्रेजी, संस्कृत, गणित, भौतिकी, रसायन, जीवविज्ञान, राजनीति शास्त्र, इतिहास, भूगोल, अर्थशास्त्र और वाणिज्य जैसे प्रमुख विषय शामिल हैं। यह फैसला राज्य सरकार की उस नीति को दर्शाता है, जिसमें शिक्षकों को उनके कार्य, वरिष्ठता और योग्यता के अनुसार समय पर सम्मान और अवसर देने का संकल्प है।
अब तक 7000 से अधिक पदोन्नति आदेश जारी
पिछले एक वर्ष में शिक्षा विभाग द्वारा जिला और संभाग स्तर पर लगभग 7000 पदों पर पदोन्नति दी जा चुकी है। इसके अलावा 2621 सहायक शिक्षक (विज्ञान प्रयोगशाला) की सीधी भर्ती भी की गई है, जिससे प्रयोगात्मक शिक्षा को स्कूलों में मजबूती मिलेगी।
प्राचार्य स्तर पर भी पदोन्नति जारी
30 अप्रैल 2025 को लगभग 2900 प्राचार्यों को भी पदोन्नति दी गई थी। आगामी दिनों में टी संवर्ग के प्राचार्यों की भी काउंसिलिंग के माध्यम से पदस्थापना की जाएगी।
वहीं ई संवर्ग के प्राचार्यों से जुड़ा मामला न्यायालय में विचाराधीन है, जिस पर निर्णय आने के बाद समयबद्ध कार्रवाई की जाएगी।



