नेशनल

अयोध्या में दीपोत्सव: सीएम योगी आज कर सकते हैं राम प्रतिमा का ऐलान

अयोध्या में होने वाले दीपोत्सव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भगवान श्रीराम की कांसे की प्रतिमा लगाने की घोषणा कर सकते हैं। ये प्रतिमा 201 मीटर की बननी है। वहीं कार्यक्रम के दौरान क्वीन हो मेमोरियल का शिलान्यास भी होगा। सोमवार देर शाम कोरिया की प्रथम महिला किम जुंग सुक लखनऊ पहुंच गई।
मुख्यमंत्री के साथ सुक अयोध्या मंगलवार दोपहर दो बजे तक सड़क मार्ग से पहुंचेंगी। अयोध्या की दीवाली के सजीव प्रसारण (लाइव कवरेज) के लिए अलग से वेबसाइट (deepotsav.co.in) बनाई गई है। क्वीन हो मेमोरियल का शिलान्यास भी इस कार्यक्रम में होगा।
सोमवार देर शाम अयोध्या में गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के अधिकारियों ने ‘राम की पैड़ी’ पर लगे दीयों की गिनती शुरू कर दी है। इस बार राज्य सरकार तीन लाख दीए जला कर वर्ल्ड रिकार्ड बनाने की तैयारी में है। इससे पहले 1.5 लाख दीए जलाने का रिकार्ड गिनीज बुक में दर्ज है। इस बार का आकर्षण वॉटर शो है। पिछली बार अयोध्या में लेज़र शो के माध्यम से रामकथा दर्शाई गई थी। इस बार वॉटर प्रोजेक्शन शो के माध्यम से इसे दिखाया जाएगा। इसके बाद इंडोनेशिया, रूस, टोबैगो, त्रिनिदाद, श्रीराम भारतीय कला केंद्र की टीमें रामलीला का मंचन करेंगी।
भगवान राम की प्रतिमा 151 मीटर ऊंची होगी और इसके नीचे 50 मीटर का पेडेस्टल बनाया जाएगा। इसका मुंह उत्तर पूर्व की तरफ होगा। पहले इसका मुंह अयोध्या की तरफ होना तय किया गया था लेकिन ज्योतिष के मुताबिक इसे उत्तर पूर्व की तरफ करके लगाना तय किया गया है। राम कथा पार्क में इसे लगाया जा सकता है। प्रतिमा के ठीक नीचे पौराणिक कथाओं पर आधारित म्यूजियम होगा। पहले 151 मीटर ऊंची प्रतिमा बननी थी और इसकी कीमत 800 करोड़ रुपये आंकी गई थी लेकिन अब विशेषज्ञों के मुताबिक इसमें लगभग 3000 करोड़ रुपये लग सकते हैं।

Related Articles

Back to top button