Indigo Flight Gate Locked in Raipur: इंडिगो फ्लाइट का गेट लॉक होने से रायपुर एयरपोर्ट में हड़कंप, पूर्व सीएम भूपेश बघेल सहित 35 यात्री फंसे
Indigo Flight Gate Locked in Raipur: राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर सोमवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दिल्ली से रायपुर पहुंची इंडिगो एयरलाइंस

रायपुर। Indigo Flight Gate Locked in Raipur: राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर सोमवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दिल्ली से रायपुर पहुंची इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट के गेट लॉक हो गए और खुलने से इंकार कर दिया। इस दौरान विमान में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विधायक चातुरी नंद, रायपुर महापौर मीनल चौबे सहित 35 से ज्यादा यात्री करीब 40 मिनट तक फंसे रहे।
फ्लाइट ने दोपहर 2:25 बजे रायपुर में सुरक्षित लैंडिंग की थी, लेकिन इसके बाद विमान का गेट तकनीकी कारणों से लॉक हो गया और यात्रियों को बाहर निकलने में भारी मशक्कत का सामना करना पड़ा। इंडिगो के कर्मचारियों ने तकरीबन 40 मिनट की कोशिशों के बाद गेट को खोलने में सफलता पाई और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
क्या था मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, विमान संख्या 6E-2068 दिल्ली से रायपुर पहुंची थी। लैंडिंग के बाद जैसे ही यात्रियों को विमान से बाहर निकालने की तैयारी शुरू हुई, अचानक गेट लॉक हो गया और कोई रिस्पॉन्स नहीं दे रहा था। अंदर मौजूद यात्रियों को स्थिति समझ नहीं आ रही थी और धीरे-धीरे माहौल तनावपूर्ण होता गया।
मीनल चौबे ने दी जानकारी
इस घटना को लेकर रायपुर महापौर मीनल चौबे ने मीडिया से बातचीत में कहा,
“फ्लाइट की लैंडिंग तो सुरक्षित तरीके से हुई, लेकिन जब गेट खोलने की बारी आई तो उसमें लगा स्क्रीन कुछ शो नहीं कर रहा था। यही कारण रहा कि दरवाज़ा नहीं खुल पाया और हम सभी को अंदर इंतजार करना पड़ा। हालांकि कोई बड़ी तकनीकी दिक्कत नहीं थी और कुछ देर बाद गेट खोल लिया गया।”
यात्रियों में बेचैनी, एयरपोर्ट पर मचा हड़कंप
गेट लॉक होने की खबर जैसे ही एयरपोर्ट स्टाफ और सुरक्षाकर्मियों तक पहुंची, एयरपोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। सभी यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल टेक्निकल टीम को अलर्ट किया गया। एयरपोर्ट प्रशासन की तत्परता से स्थिति को जल्द काबू में कर लिया गया।
कोई बड़ा नुकसान नहीं, लेकिन उठे सवाल
हालांकि इस घटना में किसी यात्री को शारीरिक नुकसान नहीं हुआ, लेकिन इंडिगो एयरलाइंस की तकनीकी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। इस तरह की घटनाएं न केवल यात्रियों की सुरक्षा पर प्रश्नचिन्ह लगाती हैं, बल्कि मानसिक रूप से भी उन्हें परेशान कर देती हैं।
रायपुर एयरपोर्ट पर हुआ यह टेक्निकल फॉल्ट भले ही किसी बड़े हादसे में नहीं बदला, लेकिन इससे विमान संचालन और सुरक्षा मानकों की गंभीरता का अंदाज़ा जरूर लगाया जा सकता है। पूर्व मुख्यमंत्री जैसे वरिष्ठ नेता और आम नागरिकों का इस तरह विमान में फंसे रहना एयरलाइंस और एयरपोर्ट प्रशासन दोनों के लिए एक चेतावनी है।
अब देखना होगा कि इंडिगो इस पर क्या सफाई देती है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।