CHHATTISGARH | 4 दिन में दूसरा झटका! फिर महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में महंगाई ने फिर जोरदार झटका दिया है। सिर्फ 4 दिन के भीतर दूसरी बार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा दिए गए हैं। मंगलवार को तेल कंपनियों ने फिर करीब 90-90 पैसे प्रति लीटर रेट बढ़ा दिए। अब रायपुर में पेट्रोल करीब 104.32 रुपए और डीजल 97.38 रुपए लीटर बिक रहा है।
इससे पहले 15 मई को भी 3-3 रुपए की बड़ी बढ़ोतरी हुई थी। लगातार बढ़ती कीमतों से आम आदमी की जेब पर सीधा असर पड़ने वाला है। सबसे ज्यादा चिंता डीजल को लेकर है, क्योंकि ट्रांसपोर्ट महंगा होते ही सब्जी, राशन, फल और रोजमर्रा का सामान भी महंगा हो सकता है।
रायपुर में हालात ऐसे हो गए थे कि लोग स्कॉर्फ बांधकर धूप में लंबी लाइन लगाकर पेट्रोल भरवाने पहुंच गए। कई जगहों पर अफवाह फैल गई थी कि पेट्रोल पंप बंद हो सकते हैं, जिसके बाद लोगों ने जरूरत से ज्यादा फ्यूल भरवा लिया।
इधर रायगढ़ के खरसिया में खाद्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए वंदना पेट्रोल पंप को सील कर दिया है। टीम को स्टॉक और नियमों में गड़बड़ी मिली थी।
प्रशासन भी अब अलर्ट मोड में है। रायपुर कलेक्टर ने ब्लैक मार्केटिंग रोकने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। ज्यादा पैसे वसूलने या अवैध बिक्री की शिकायत लोग 9977222564, 9977222574, 9977222584 और 9977222594 पर कर सकते हैं।
बताया जा रहा है कि ईरान-अमेरिका तनाव के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम तेजी से बढ़े हैं। पहले क्रूड 70 डॉलर प्रति बैरल था, जो अब 100 डॉलर के पार पहुंच चुका है। अगर यही हाल रहा तो आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल और महंगा हो सकता है।



