RAIPUR DELHI FLIGHT | रायपुर से दिल्ली जाने वालों के लिए जरूरी खबर!

रायपुर. रायपुर से दिल्ली जाने वाले हवाई यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। एयर इंडिया ने रायपुर-दिल्ली रूट पर चलने वाली अपनी दोपहर की फ्लाइट को 1 जून से बंद करने का फैसला लिया है। कंपनी के इस निर्णय से यात्रियों की यात्रा योजना प्रभावित हो सकती है और कई लोगों को अब अपना शेड्यूल बदलना पड़ेगा।
फिलहाल रायपुर से दिल्ली के लिए एयर इंडिया और इंडिगो की कुल 8 फ्लाइट संचालित होती हैं। इनमें 6 फ्लाइट एयर इंडिया और 2 इंडिगो की हैं। लेकिन अब एयर इंडिया की एक महत्वपूर्ण दोपहर वाली उड़ान अगले 3 महीने तक बंद रहेगी।
जानकारी के मुताबिक, एयर इंडिया ने कई रूट्स पर उड़ानों में कटौती करने का फैसला लिया है, जिसका असर रायपुर रूट पर भी पड़ा है। माना जा रहा है कि एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की बढ़ती कीमतों और परिचालन लागत में इजाफे के कारण यह कदम उठाया गया है।
इस फैसले के बाद यात्रियों को वैकल्पिक फ्लाइट्स का सहारा लेना होगा। साथ ही छत्तीसगढ़ से दिल्ली की हवाई कनेक्टिविटी पर भी इसका असर देखने को मिल सकता है।
सिर्फ एयर इंडिया ही नहीं, इंडिगो ने भी कुछ रूट्स पर उड़ानों में कटौती की है। लखनऊ-रायपुर-भुवनेश्वर फ्लाइट, जो पहले सप्ताह के सातों दिन चलती थी, अब केवल चार दिन संचालित होगी। वहीं पुणे-रायपुर-चेन्नई फ्लाइट भी अब सात दिन की जगह सप्ताह में सिर्फ तीन दिन उड़ान भरेगी।
एयरलाइंस की इस कटौती से आने वाले महीनों में यात्रियों को टिकट उपलब्धता और समय के विकल्पों को लेकर कुछ परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।



