chhattisgarhhindi newsछत्तीसगढ़

CG BJP CONTROVERSY | भाजपा में अंदरूनी तकरार खुलकर सामने आई…

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की राजनीति में अचानक हलचल मच गई है। भाजपा के सालर मंडल अध्यक्ष रामकुमार थूरिया की एक फेसबुक पोस्ट ने पार्टी के अंदर ही नया विवाद खड़ा कर दिया है।

मंडल अध्यक्ष ने सोशल मीडिया पर जिले के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा को लेकर तीखी टिप्पणी करते हुए लिख दिया – “जो उखाड़ना है उखाड़ लो…”। यह पोस्ट सामने आते ही भाजपा के अंदरूनी समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं।

रामकुमार थूरिया ने अपनी पोस्ट में आरोप लगाया कि प्रभारी मंत्री की वजह से सारंगढ़ जिला कमजोर हो रहा है। इस बयान के बाद जिले की राजनीति गरमा गई और विपक्ष को भी बड़ा मुद्दा मिल गया।

कांग्रेस नेताओं ने इस पोस्ट को लेकर भाजपा पर हमला बोलना शुरू कर दिया है। सोशल मीडिया पर कांग्रेस नेता इसे भाजपा की अंदरूनी कलह बता रहे हैं और पार्टी की एकजुटता पर सवाल उठा रहे हैं।

उधर भाजपा संगठन के अंदर भी इस पोस्ट को लेकर सुगबुगाहट शुरू हो गई है। कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी यह पूछ रहे हैं कि आखिर एक मंडल अध्यक्ष को अपने ही प्रभारी मंत्री के खिलाफ इतनी खुली टिप्पणी करने की जरूरत क्यों पड़ी।

सूत्रों के मुताबिक पार्टी संगठन ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और मंडल अध्यक्ष रामकुमार थूरिया को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। हालांकि अभी तक आधिकारिक तौर पर पूरी जानकारी सामने नहीं आई है।

फिलहाल यह मामला सारंगढ़ जिले की राजनीति में बड़ा चर्चा का विषय बन गया है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि मंडल अध्यक्ष की इस पोस्ट के पीछे क्या वजह है और पार्टी संगठन इस पर क्या कार्रवाई करता है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button