CHHATTISGARH | AI वीडियो पर सियासी घमासान, कांग्रेस का बड़ा विरोध

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में AI ने बड़ा तूफान खड़ा कर दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का एक कथित AI जनरेटेड वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही कांग्रेस भड़क गई। वीडियो में उन्हें पूर्व उपसचिव सौम्या चौरसिया के साथ दिखाया गया है, जिसे पार्टी ने फेक और आपत्तिजनक बताया है।
मामला बढ़ते ही पुलिस हरकत में आई और जिस इंस्टाग्राम आईडी से वीडियो पोस्ट हुआ था, उसके खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। ‘कांग्रेस पोल खोल’ और ‘रैंडम छत्तीसगढ़’ नाम के अकाउंट से यह वीडियो शेयर किया गया था, जिन्हें अब बैन कर दिया गया है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक-दो नहीं, बल्कि 8 अलग-अलग थानों में शिकायत दर्ज कराई और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। साइबर टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि वीडियो किसने बनाया और सबसे पहले किसने वायरल किया।
इस बीच राज्य महिला आयोग ने भी मामले में स्वत: संज्ञान लेते हुए इसे गंभीर बताया है और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साफ कहा गया है कि AI के जरिए किसी की छवि खराब करना गंभीर अपराध है।



