CG RAID UPDATE | ED रेड खत्म, दस्तावेज लेकर टीम रवाना

रायपुर। धमतरी में भारतमाला मुआवजा घोटाले को लेकर ईडी ने बड़ा एक्शन लिया है। प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने सोमवार को राइस मिलर रोशन चंद्राकर और भाजपा नेता भूपेंद्र चंद्राकर के ठिकानों पर एक साथ दबिश दी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। देर रात तक चली कार्रवाई के बाद टीम दस्तावेज जब्त कर मंगलवार सुबह निकली।
बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला भारतमाला परियोजना के तहत जमीन मुआवजे में हुए बड़े खेल से जुड़ा है, जहां करीब 500 करोड़ रुपये की गड़बड़ी सामने आई है। जांच में खुलासा हुआ है कि अधिकारियों और जमीन दलालों की मिलीभगत से कृषि भूमि को बैकडेट में गैर-कृषि दिखाकर मुआवजा कई गुना बढ़ाया गया।
इतना ही नहीं, एक ही जमीन को कागजों में टुकड़ों में बांटकर अलग-अलग लोगों के नाम पर करोड़ों का मुआवजा लिया गया। इस मामले में पहले भी कई छापेमारी हो चुकी है, करोड़ों की संपत्ति अटैच और कैश जब्त किया जा चुका है।
सूत्रों के मुताबिक, इस ताजा रेड के बाद और भी बड़े नाम सामने आ सकते हैं, जिससे मामला और गरमाने वाला है।



