CG TRANSFER BREAKING | एक अफसर का तबादला, दूसरे को मिला 1 साल का एक्सटेंशन

रायपुर। छत्तीसगढ़ डाक सर्किल में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है। मुख्य पोस्टमास्टर जनरल कार्यालय के आदेश के बाद एक अधिकारी का तबादला हुआ है, जबकि दूसरे अधिकारी को एक साल का सेवा विस्तार दिया गया है। इस फैसले के बाद विभागीय गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

आदेश के मुताबिक, अंबिकापुर में सहायक डाक अधीक्षक के पद पर कार्यरत एच.आर. साहू को अब कांकेर डाक अधीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनका तबादला तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
वहीं, रेल डाक सेवा रायपुर में अधीक्षक पद पर कार्यरत सरजीत सरकार को एक वर्ष का सेवा विस्तार दिया गया है। खास बात यह है कि वे पिछले चार वर्षों से इसी पद पर सेवाएं दे रहे हैं, जबकि सामान्य तौर पर केंद्रीय विभागों में तीन साल बाद स्थानांतरण की प्रक्रिया अपनाई जाती है।
यही वजह है कि इस फैसले ने विभाग के भीतर नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। अधिकारी और कर्मचारी अलग-अलग स्तर पर इस निर्णय के मायने तलाश रहे हैं। हालांकि विभाग की ओर से सेवा विस्तार के पीछे कोई विशेष कारण सार्वजनिक नहीं किया गया है।
फिलहाल इसे नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा बताया जा रहा है, लेकिन डाक परिमंडल की बदलती कार्यशैली और निर्णय प्रक्रिया को लेकर सवाल और चर्चाएं दोनों जारी हैं।



