SAROJ PANDEY BANK ACCOUNT | 2018 राज्यसभा चुनाव फिर गरमाया! हाईकोर्ट ने मांगा जवाब

बिलासपुर. पूर्व राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय के 2018 के राज्यसभा निर्वाचन को चुनौती देने वाली याचिका में अब बैंक अकाउंट की जानकारी का मुद्दा गरमा गया है। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने खाते की डिटेल मांगने वाले आवेदन पर सरोज पांडेय से दो हफ्ते में जवाब मांगा है।
कांग्रेस प्रत्याशी रहे लेखराम साहू का आरोप है कि सरोज पांडेय ने 2018 के चुनावी शपथपत्र में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के एक बैंक खाते की जानकारी छिपाई थी। इसी मामले में जस्टिस नरेंद्र कुमार व्यास की सिंगल बेंच में सुनवाई हुई।
याचिकाकर्ता की ओर से कहा गया कि सरोज पांडेय पहले ही खुद गवाही देने से इनकार कर चुकी हैं। ऐसे में बैंक खाते से जुड़ी जानकारी सामने लाने के लिए बैंकर्स बुक्स एविडेंस एक्ट, 1891 की धारा 6 के तहत बैंक से रिकॉर्ड मंगाने की मांग की गई है।
मामले में बैंक अधिकारी ने पहले ‘थर्ड पार्टी इंफॉर्मेशन’ का हवाला देकर जानकारी देने से इनकार किया था। वहीं RTI से मिली जानकारी में कथित बैंक खाते के अस्तित्व से इनकार नहीं किया गया है।
अब हाईकोर्ट के सामने अहम सवाल यही है कि कथित बैंक खाते की जानकारी चुनावी शपथपत्र में दी गई थी या नहीं। सरोज पांडेय को आवेदन पर अपना जवाब दो हफ्ते के भीतर देना होगा।



