CHHATTISGARH POLITICS | छत्तीसगढ़ BJP में अध्यक्ष बदलने की चर्चा तेज!

रायपुर। छत्तीसगढ़ बीजेपी में प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर अंदरखाने चर्चाएं तेज हैं। मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के स्वास्थ्य कारणों से सक्रिय राजनीतिक कार्यक्रमों में तुरंत लौटने की संभावना कम बताई जा रही है। ऐसे में पार्टी के भीतर पहले कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त करने की चर्चा चल रही है।
हालांकि, राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि मामला सिर्फ कार्यकारी अध्यक्ष तक सीमित नहीं रह सकता और आने वाले समय में पार्टी को नया स्थायी प्रदेश अध्यक्ष भी मिल सकता है।
किरण सिंह देव 29 जुलाई को उत्तर प्रदेश से लौटते समय सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे। इलाज के बाद वे अस्पताल से बाहर आ चुके हैं, लेकिन अभी दिल्ली में फॉलोअप ट्रीटमेंट चलने की बात कही जा रही है।
इस बीच नए प्रदेश अध्यक्ष के लिए कई नाम चर्चा में हैं। इनमें केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू का नाम प्रमुख बताया जा रहा है। राजनीतिक समीकरणों की बात करें तो साहू समाज से आने वाले नेता को अध्यक्ष बनाने से बीजेपी को मैदानी क्षेत्र और राज्य के बड़े OBC वोट बैंक में राजनीतिक फायदा मिलने की संभावना के तौर पर देखा जा रहा है।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव का नाम भी चर्चाओं में है। वहीं पूर्व विधायक और विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष नारायण चंदेल तथा राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय का नाम भी संभावित दावेदारों में लिया जा रहा है।
तोखन साहू, अरुण साव, नारायण चंदेल या कोई नया चेहरा? छत्तीसगढ़ BJP के अगले अध्यक्ष को लेकर अब नजरें दिल्ली के फैसले पर हैं।
नोट : प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर सामने आए नाम और दावे फिलहाल राजनीतिक व पार्टी सूत्रों पर आधारित चर्चाएं हैं। अंतिम फैसला पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व करेगा।



