CG GOVERNMENT RECRUITMENT | डमी कैंडिडेट पर लगेगी लगाम!

रायपुर. छत्तीसगढ़ की सरकारी भर्ती परीक्षाओं में अब किसी और की जगह परीक्षा देने वाले डमी कैंडिडेट की खैर नहीं! कर्मचारी चयन मंडल अभ्यर्थियों की पहचान को आवेदन से लेकर परीक्षा और नौकरी जॉइन करने तक सत्यापित करने की तैयारी कर रहा है।
कुछ महीने पहले गठित कर्मचारी चयन मंडल तृतीय-चतुर्थ श्रेणी की भर्ती के साथ प्रवेश और पात्रता परीक्षाएं भी आयोजित करेगा। नई व्यवस्था लागू होने पर परीक्षा केंद्रों पर दस्तावेज देखने के साथ डिजिटल तरीके से भी पहचान की जांच की जा सकेगी।
इसके लिए फिंगरप्रिंट, आईरिस स्कैन या ई-केवाईसी जैसे विकल्पों का इस्तेमाल किया जा सकता है। हालांकि, फिलहाल आधार प्रमाणीकरण स्वैच्छिक रहेगा और अभ्यर्थी की लिखित सहमति से ही किया जाएगा।
अगर तकनीकी समस्या या किसी वैध कारण से आधार प्रमाणीकरण नहीं हो पाता है, तो अभ्यर्थी को परीक्षा या भर्ती प्रक्रिया से बाहर नहीं किया जाएगा। ऐसी स्थिति में दूसरे वैध दस्तावेज या ई-केवाईसी के जरिए पहचान सत्यापित की जा सकेगी।
खास बात यह है कि पहचान सत्यापन सिर्फ अभ्यर्थियों तक सीमित नहीं रहेगा। परीक्षा संचालन से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों का भी आधार प्रमाणीकरण किया जा सकेगा, ताकि पूरी परीक्षा प्रक्रिया में गड़बड़ी की गुंजाइश कम हो।
|



