CHHATTISGARH | AAP को बड़ा झटका! पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष सहित 100+ कार्यकर्ता कांग्रेस में …

अंबिकापुर. छत्तीसगढ़ कांग्रेस को सरगुजा में बड़ी मजबूती मिली है। आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष और सरगुजा जोन प्रभारी राजेंद्र बहादुर सिंह ने 100 से अधिक कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस ज्वाइन कर ली है।
पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव की मौजूदगी में राजेंद्र बहादुर सिंह और उनके साथ आए कार्यकर्ताओं का कांग्रेस में स्वागत किया गया। कार्यक्रम अंबिकापुर के राजीव भवन में हुआ। इससे पहले आप कार्यकर्ताओं ने कला केंद्र से रैली निकाली और कांग्रेस में प्रवेश किया।
राजेंद्र बहादुर सिंह लंबे समय से आम आदमी पार्टी में सक्रिय थे और सरगुजा जोन की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनके कांग्रेस में शामिल होने से सरगुजा में आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका माना जा रहा है।
टीएस सिंहदेव ने कहा कि प्रदेश में लगातार लोग कांग्रेस से जुड़ रहे हैं और इससे पार्टी और मजबूत होगी। उन्होंने राजेंद्र बहादुर सिंह समेत सभी कार्यकर्ताओं का स्वागत किया।
इससे पहले सतनामी समाज के प्रमुख धर्मगुरु गुरु बालदास के बड़े पुत्र और मंत्री खुशवंत साहब के बड़े भाई ढालदास भी कांग्रेस में शामिल हुए थे। लगातार हो रहे इन राजनीतिक प्रवेशों को कांग्रेस के संगठन मजबूत करने की कोशिश से जोड़कर देखा जा रहा है।



