MADANPUR GHAT TRAFFIC JAM | मदनपुर घाट में जाम, NHAI पर केस!
कोरबा। मदनपुर घाट में ट्रेलर दुर्घटना के बाद घंटों तक यातायात बाधित रहा। अब इस मामले में कोरबा पुलिस और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) आमने-सामने हैं। पुलिस ने समय पर मदद नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए NHAI के खिलाफ कटघोरा कोर्ट में परिवाद दायर किया है। वहीं, राहत कार्य में लापरवाही को लेकर संबंधित एजेंसी पर 10 लाख रुपये की पेनल्टी लगाई गई है।
दो ट्रेलर की टक्कर से लगा लंबा जाम
पुलिस के मुताबिक, 12 अक्टूबर की सुबह करीब ढाई बजे मदनपुर घाट में कटघोरा की ओर जा रहा एक ट्रेलर तकनीकी खराबी के कारण सड़क पर खड़ा हो गया। इसी दौरान अंबिकापुर की ओर जा रहा ट्रेलर क्रमांक CG 10 BS 9436 उससे टकरा गया। हादसे के बाद बिलासपुर-अंबिकापुर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
क्रेन और ईंधन की कमी से देरी
NHAI की जांच में सामने आया कि राहत कार्य के दौरान संबंधित एजेंसी का परियोजना प्रबंधक मौके पर मौजूद नहीं था। क्रेन ऑपरेटर उपलब्ध नहीं होने और रिकवरी उपकरणों के लिए पर्याप्त ईंधन की कमी के कारण दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने में देरी हुई। 1033 हेल्पलाइन पर सूचना देने के बावजूद समय पर सहायता नहीं मिलने की बात भी सामने आई।
जाम में एंबुलेंस भी फंसी
जाम के कारण यात्री बसों, एंबुलेंस और ट्रेन-हवाई यात्रा के लिए निकले लोगों को परेशानी हुई। पुलिस का आरोप है कि NHAI अधिकारियों से लगातार संपर्क किया गया, लेकिन अपेक्षित सहयोग नहीं मिला।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 222(ए) के तहत परिवाद पेश किया है। अब मामले में कोर्ट की कार्रवाई पर नजर रहेगी।



