chhattisgarhhindi newsछत्तीसगढ़

CG BUS FARE HIKE | छत्तीसगढ़ में बस किराया बढ़ा …

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बस से सफर करने वालों को अब ज्यादा किराया देना होगा। परिवहन विभाग की 8 अक्टूबर को जारी अधिसूचना के मुताबिक, बसों की नई किराया दरें लागू कर दी गई हैं। साधारण बसों से लेकर वातानुकूलित और सुपर लग्जरी बसों तक के किराये में बदलाव किया गया है।

साधारण बसों का नया किराया

नई दरों के अनुसार, साधारण बसों में पहले 5 किलोमीटर के लिए 10 रुपये और इसके बाद 1.75 रुपये प्रति किलोमीटर किराया देना होगा। वहीं, वॉल्वो, स्कैनिया और मर्सिडीज जैसी सुपर लग्जरी वातानुकूलित बसों में शुरुआती 5 किलोमीटर का किराया 12 रुपये और आगे 3.30 रुपये प्रति किलोमीटर तय किया गया है।

डीलक्स बसों में शुरुआती 5 किलोमीटर के लिए 12 रुपये और आगे 2.20 रुपये प्रति किलोमीटर किराया लगेगा। गैर-वातानुकूलित डीलक्स स्लीपर और सेमी-स्लीपर बसों में सीट और बर्थ के लिए 2.20 रुपये प्रति किलोमीटर, जबकि वातानुकूलित स्लीपर और सेमी-स्लीपर में 3.20 रुपये प्रति किलोमीटर दर निर्धारित की गई है। साधारण रात्रिकालीन बसों का किराया सामान्य बसों से 10 प्रतिशत अधिक होगा।

इन यात्रियों को मिलेगी राहत

अधिसूचना के मुताबिक, दिव्यांगजन, 80 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिक और एचआईवी-एड्स पीड़ित यात्रियों को सहायक सहित निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। इसके लिए निर्धारित सक्षम अधिकारी का फोटोयुक्त प्रमाणपत्र दिखाना होगा।

नक्सल प्रभावित व्यक्ति को संबंधित जिले के पुलिस अधीक्षक की अनुशंसा पर कलेक्टर के प्रमाणपत्र के आधार पर राज्य के भीतर यात्रा में 50 प्रतिशत किराया छूट मिलेगी। यात्रियों को सफर से पहले बस की श्रेणी और लागू दर की जानकारी जरूर लेनी चाहिए।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button