SONIA GANDHI AUTOBIOGRAPHY | सोनिया का दावा – PM मोदी सामने आते ही क्यों फेर लेते हैं नजरें?

रायपुर। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ बाजार में आते ही चर्चा में है। इस किताब में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपने रिश्तों को लेकर भी एक दिलचस्प बात लिखी है। सोनिया के मुताबिक, जब भी दोनों किसी कार्यक्रम में आमने-सामने आते हैं, तो नमस्ते से अभिवादन होता है, लेकिन पीएम मोदी नजरें दूसरी तरफ कर लेते हैं।
सोनिया गांधी ने लिखा है कि संसद या अन्य कार्यक्रमों में मुलाकात के दौरान दोनों एक-दूसरे को नमस्ते कहते हैं। हालांकि, उनके मुताबिक मोदी आंखें मिलाने से बचने के लिए दूसरी तरफ देखने लगते हैं। उन्होंने यह भी लिखा कि पहले अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेताओं के बीच मुलाकात में ज्यादा आत्मीयता दिखाई देती थी।
2004 में PM पद ठुकराने की वजह भी बताई
सोनिया ने किताब में 2004 में प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने के फैसले पर भी खुलकर लिखा है। उनके मुताबिक, राहुल और प्रियंका नहीं चाहते थे कि वह प्रधानमंत्री बनें। उन्हें खुद भी इस फैसले को लेकर आशंकाएं थीं। विदेशी मूल का मुद्दा उठाकर राजनीतिक विवाद खड़ा किए जाने की चिंता भी इसकी एक वजह थी।
इमरजेंसी को बताया गलती
सोनिया ने आपातकाल लागू करने के फैसले को इंदिरा गांधी की गलती बताया है। उन्होंने लिखा कि राजीव गांधी इस फैसले के पक्ष में नहीं थे, जबकि संजय गांधी ने इसे लागू करने पर जोर दिया था।
किताब में सोनिया ने अपने निजी जीवन, गांधी परिवार की त्रासदियों और देश की राजनीति से जुड़े कई अनुभव साझा किए हैं।



