DIWALI MILAN | दिल्ली में छत्तीसगढ़ कांग्रेस की जमघट!

रायपुर। दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आवास पर आयोजित दिवाली मिलन समारोह में छत्तीसगढ़ कांग्रेस के कई बड़े चेहरे नजर आए। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव और नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत समेत प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत और सह-प्रभारी विजय जांगिड़ भी कार्यक्रम में शामिल हुए। लेकिन इस आयोजन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की गैरमौजूदगी चर्चा का विषय बन गई।
एक साथ दिखे प्रदेश के बड़े नेता

दिवाली मिलन के इस कार्यक्रम में देशभर से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, सांसद और पदाधिकारी पहुंचे थे। छत्तीसगढ़ से पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व उपमुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष की मौजूदगी ने इस मुलाकात को प्रदेश की राजनीति के लिहाज से अहम बना दिया।
दीपक बैज की गैरमौजूदगी पर चर्चा
कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज शामिल नहीं हुए। एक तरफ प्रदेश के कई बड़े नेता राहुल गांधी के आवास पर मौजूद थे, तो दूसरी तरफ संगठन के मुखिया की गैरमौजूदगी ने राजनीतिक चर्चाओं को हवा दे दी है।
हालांकि, दीपक बैज के कार्यक्रम में शामिल नहीं होने की वजह सामने नहीं आई है। न ही इस आयोजन को लेकर पार्टी की ओर से किसी खास राजनीतिक एजेंडे की आधिकारिक जानकारी दी गई है।
दिवाली मिलन के बहाने राष्ट्रीय नेतृत्व और प्रदेश के नेताओं को एक साथ मिलने का मौका मिला। अब चर्चा इस बात की है कि इस मुलाकात का छत्तीसगढ़ कांग्रेस की आगे की राजनीति और संगठन पर क्या असर पड़ता है।



