RAIPUR FIRE NEWS | फूड पार्क में भीषण आग, सिलेंडरों में ब्लास्ट!

रायपुर। राजधानी के राजेंद्र नगर स्थित फूड पार्क में रविवार को भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से करीब 5 से 6 दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। इस दौरान मौके पर रखे दो गैस सिलेंडरों में ब्लास्ट होने से इलाके में दहशत फैल गई।
जानकारी के मुताबिक, आग लगने की शुरुआती वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास की दुकानें भी इसकी चपेट में आ गईं। दुकानों में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया। सिलेंडरों में हुए धमाकों के बाद आग ने और विकराल रूप ले लिया।
दमकल की टीम ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। आग की ऊंची लपटों और उठते धुएं को देखकर आसपास के लोगों में भी घबराहट फैल गई। पुलिस भी मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
लाखों के नुकसान की आशंका
इस आगजनी में करीब आधा दर्जन दुकानों के जलने से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल दमकल की टीम आग पर काबू पाने में जुटी है। आग लगने की वास्तविक वजह और नुकसान का सही आंकड़ा जांच के बाद ही सामने आएगा।



