chhattisgarhhindi newsछत्तीसगढ़

CHHATTISGARH | दुबई से कब लौटेंगे दोनों आरोपी?

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ के शराब घोटाले और महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में जांच एजेंसियों ने विदेश में बैठे आरोपियों को भारत लाने की तैयारी तेज कर दी है। शराब घोटाले के आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू और महादेव सट्टा मामले के सह-प्रमोटर रवि उप्पल को दुबई से भारत लाने के लिए सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीमें वहां पहुंची हैं। यह कार्रवाई विदेश मंत्रालय के समन्वय से की जा रही है।

प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पर जोर

दोनों आरोपियों को भारत लाने के लिए कानूनी और कूटनीतिक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। इसके लिए इंटरपोल और दुबई प्रशासन के साथ भी समन्वय किया जा रहा है। प्रत्यर्पण की मंजूरी मिलने के बाद दोनों को भारत लाया जा सकता है। इसके बाद रायपुर की विशेष अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड लेने की तैयारी है।

पूछताछ में खुल सकते हैं कई राज

विकास अग्रवाल से शराब घोटाले में कथित वित्तीय लेन-देन, दूसरे आरोपियों से संपर्क और पूरे नेटवर्क को लेकर सवाल किए जा सकते हैं। वहीं, रवि उप्पल से महादेव ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के संचालन, पैसों के लेन-देन और विदेशों में फैले कथित कारोबार के बारे में पूछताछ हो सकती है।

जांच एजेंसियों को दोनों से कथित हवाला नेटवर्क, मनी लॉन्ड्रिंग और विदेशों में मौजूद संपत्तियों से जुड़े सुराग मिलने की उम्मीद है। हालांकि, दोनों को भारत लाने की प्रक्रिया अभी कानूनी और कूटनीतिक मंजूरी पर निर्भर है। अब देखना होगा कि प्रत्यर्पण की प्रक्रिया कब पूरी होती है और दोनों आरोपी कब भारतीय जांच एजेंसियों की हिरासत में आते हैं।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button