CG ACB RAID | कांकेर में रिश्वत का खेल, नाली में फेंकी रकम!

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रिश्वतखोरी के मामले में GST अधिकारी अंचला गिरी और उनके साथी इमरान मेमन को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि अधिकारी ने एक स्क्रैप कारोबारी की गाड़ी छोड़ने के बदले डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम नाली में फेंक दी गई।
शिकायतकर्ता मोहम्मद शोएब रंगरेज के मुताबिक, 18 नवंबर को उनकी स्क्रैप से भरी गाड़ी को रोक लिया गया था। कारोबारी का दावा है कि गाड़ी में करीब 3 लाख रुपये का माल था और उसके पास बिल भी मौजूद था। इसके बावजूद अधिकारी ने 10 लाख रुपये की पेनाल्टी लगाने की बात कही। आरोप है कि मामला निपटाने के लिए पहले 2 लाख रुपये मांगे गए, बाद में डेढ़ लाख रुपये पर सहमति बनी।
ACB की दबिश में पकड़े गए दोनों
कारोबारी ने मामले की शिकायत ACB से की थी। शनिवार को जगदलपुर ACB की टीम ने अधिकारी के घर पर कार्रवाई की। कारोबारी रिश्वत की रकम लेकर वहां पहुंचा था। इसी दौरान भनक लगने पर इमरान मेमन ने रकम नाली में फेंक दी।
ACB के मुताबिक, इमरान मध्यस्थ की भूमिका में था और रिश्वत की रकम अधिकारी तक पहुंचाने आया था। दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 12 के तहत कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल दोनों से पूछताछ जारी है।



