CG NIKAY PANCHAYAT ELECTION | दिसंबर में चुनावी बिगुल? तारीखों पर नजरें

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग ने दिसंबर में प्रस्तावित चुनावों की तैयारियां तेज कर दी हैं। अब सबकी नजर चुनाव की तारीखों पर है, जिनका ऐलान दिसंबर के शुरुआती दिनों में हो सकता है।
राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक, नगरीय निकायों में महापौर, अध्यक्ष और पार्षद समेत 427 पदों पर चुनाव प्रस्तावित हैं। इनमें भिलाई, रिसाली, भिलाई-चरौदा और बीरगांव नगर निगम के महापौर के 4, अध्यक्ष के 14 और पार्षद के 409 पद शामिल हैं।
वहीं त्रिस्तरीय पंचायतों में जनपद सदस्य के 2, सरपंच के 100 और पंच के 921 पदों समेत कुल 1023 पदों पर आम और उपचुनाव होना है।
निर्वाचन आयोग ने अधिकारियों को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 30 नवंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद चुनाव कार्यक्रम जारी होने की संभावना है। राजनीतिक गलियारों में 2 या 3 दिसंबर को तारीखों के ऐलान और आचार संहिता लागू होने की चर्चा है। दिसंबर के अंतिम सप्ताह में मतदान होने के कयास लगाए जा रहे हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
चुनाव की तैयारियों के बीच संभावित उम्मीदवारों और राजनीतिक दलों ने टिकट की दावेदारी और वार्ड स्तर पर समीकरण साधने शुरू कर दिए हैं। दिसंबर का पहला सप्ताह अब चुनावी लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।



