MAHADEV BETTING APP | दुबई से लौटते ही गिरफ्तार! महादेव ऐप का कथित किंगपिन CBI के शिकंजे में …
रायपुर। महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में CBI को बड़ी कामयाबी मिली है। जांच एजेंसी ने कथित किंगपिन और लंबे समय से फरार आरोपी अभिषेक कुमार को दुबई से भारत लौटते ही हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया।
CBI के मुताबिक, अभिषेक कुमार महादेव बुक के तहत सट्टेबाजी गतिविधियों, पैनल के समन्वय और रकम की वसूली में सक्रिय भूमिका निभाता था। एजेंसी का आरोप है कि सट्टेबाजी से हासिल रकम से उसने दुबई में अचल संपत्तियां भी खरीदीं।
गिरफ्तारी के बाद हुई तलाशी में कुछ आपत्तिजनक सामग्री जब्त किए जाने का भी CBI ने दावा किया है। एजेंसी के अनुसार, यह सामग्री प्रथमदृष्टया महादेव ऐप के संचालन में उसकी भूमिका की ओर इशारा करती है। CBI का कहना है कि अभिषेक कुमार मुख्य आरोपियों सौरभ चंद्राकर और शुभम सोनी के साथ काम करता था।
हैदराबाद कोर्ट से CBI को 3 दिन की ट्रांजिट रिमांड मिली। इसके बाद आरोपी को रायपुर लाया गया, जहां कोर्ट ने 2 दिन की पुलिस रिमांड मंजूर की।
महादेव ऐप से जुड़े 13 FIR CBI को सौंपे गए थे। एजेंसी के मुताबिक अब तक 100 आरोपियों के खिलाफ 8 चार्जशीट दाखिल की जा चुकी हैं। साथ ही 7 रेड कॉर्नर नोटिस और 2 प्रत्यर्पण प्रस्ताव भेजे जाने की जानकारी CBI ने दी है।



