KK SRIVASTAVA ED ACTION | केके श्रीवास्तव की 3.25 करोड़ की संपत्ति कुर्क
रायपुर। 500 करोड़ रुपए के स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट का सब-कॉन्ट्रैक्ट दिलाने का कथित झांसा देकर 15 करोड़ रुपए लेने के मामले में ED ने केके श्रीवास्तव पर शिकंजा कसा है।
जांच एजेंसी ने 22 सितंबर को उनकी करीब 3.25 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्तियां अस्थायी रूप से कुर्क कीं। इसके अगले दिन 23 सितंबर को रायपुर की विशेष PMLA अदालत में अभियोजन परिवाद दाखिल किया गया।
ED के मुताबिक, जून 2023 में 500 करोड़ रुपए के रायपुर स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट का हवाला देकर 15 करोड़ रुपए परफॉर्मेंस सिक्योरिटी के नाम पर लिए गए थे। जांच में इन पैसों को कथित तौर पर कई बैंक खातों और संस्थाओं के जरिए घुमाने की बात सामने आई।
एजेंसी का दावा है कि रकम का एक हिस्सा शेल और कंड्यूट संस्थाओं के जरिए विदेश भेजा गया। जांच में दुबई, हांगकांग, चीन और सिंगापुर से जुड़े लाभार्थियों का भी उल्लेख किया गया है।
ED के अनुसार 15 करोड़ में से 3.40 करोड़ रुपए वापस किए गए, जबकि 11.60 करोड़ रुपए अब तक वापस नहीं हुए हैं।
केके श्रीवास्तव को ED ने 30 जुलाई 2026 को PMLA के तहत गिरफ्तार किया था। मामले में जांच और न्यायिक प्रक्रिया जारी है।



