ROAD ACCIDENT | 3 बच्चों समेत 8 की मौत, नागपुर-रायपुर हाईवे पर ट्रक से भिड़ी कार!

रायपुर। महाराष्ट्र के भंडारा में शुक्रवार तड़के नागपुर-रायपुर हाईवे पर ऐसा भीषण हादसा हुआ कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। तेज रफ्तार ट्रक और एसयूवी की आमने-सामने जोरदार टक्कर में 3 बच्चों समेत 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग घायल हैं।
हादसा सुबह करीब 4 बजे लाखनी तहसील के पिंपलगांव के पास हुआ। बताया जा रहा है कि एसयूवी सवार लोग छत्तीसगढ़ के रायपुर से नागपुर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एसयूवी ट्रक में ही फंस गई। कार को बाहर निकालने के लिए पुलिस और स्थानीय लोगों को दो जेसीबी की मदद लेनी पड़ी।
हादसे में जान गंवाने वालों में तीन बच्चे भी शामिल हैं। वहीं तीन घायलों को सकोली के उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधीक्षक नूरुल हसन ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
फिलहाल पुलिस हादसे की वजह की जांच कर रही है।



