CG 2027 HOLIDAY LIST | छत्तीसगढ़ में छुट्टियों का बड़ा अपडेट!

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने साल 2027 का शासकीय कैलेंडर जारी कर दिया है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, अगले साल सार्वजनिक अवकाश की संख्या 15 रखी गई है। 27 अक्टूबर को जारी नोटिफिकेशन राज्यपाल रामेन डेका के नाम से प्रकाशित हुआ है।
कई बड़े त्योहार रविवार को
नए कैलेंडर में गणतंत्र दिवस, होली, ईद, गुड फ्राइडे, महावीर जयंती, बकरीद, जन्माष्टमी और दिवाली जैसे त्योहारों पर सार्वजनिक अवकाश रहेगा। लेकिन कुछ बड़े त्योहार रविवार को पड़ने के कारण कर्मचारियों को अलग से छुट्टी नहीं मिलेगी।
15 अगस्त 2027 को स्वतंत्रता दिवस और ईद-ए-मिलाद एक ही दिन पड़ रहे हैं। वहीं, 10 अक्टूबर को दशहरा और 14 नवंबर को गुरुनानक जयंती है। ये तीनों तारीखें रविवार को पड़ रही हैं, इसलिए इनके लिए अतिरिक्त अवकाश नहीं मिलेगा।

शनिवार को भी पड़ेंगी कई छुट्टियां
कैलेंडर के अनुसार, संत रविदास जयंती 20 फरवरी, महाशिवरात्रि 6 मार्च, महात्मा गांधी जयंती 2 अक्टूबर और क्रिसमस 25 दिसंबर को शनिवार है। वहीं, दीपावली 29 अक्टूबर 2027 को शुक्रवार के दिन पड़ेगी।
इसके अलावा, 1 अप्रैल को बैंकों की वार्षिक लेखाबंदी के लिए अवकाश रहेगा। यह छुट्टी सभी सरकारी कार्यालयों पर लागू नहीं होगी, बल्कि बैंकों और कोषागारों तक सीमित रहेगी।
सरकारी कैलेंडर कर्मचारियों और आम लोगों के लिए जरूरी है, ताकि वे त्योहारों और छुट्टियों के हिसाब से अपने काम और यात्रा की योजना बना सकें।



