CG RAID UPDATE | रायपुर में सराफा कारोबारी के यहां छापा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में ED की टीम मंगलवार सुबह करीब 5 बजे रायपुर के रवि नगर स्थित सराफा कारोबारी नितिन डागा के घर पहुंची। यहां से 16 लाख रुपये नकद और संपत्ति के कागजात ले जाने की जानकारी है। टीम ने सदर बाजार स्थित उनकी ज्वेलरी दुकान में भी जांच की। सूत्रों के मुताबिक, करीब 200 एकड़ जमीन से जुड़े दस्तावेज मिलने की चर्चा है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
दुर्ग में रोशन बघेल के ठिकानों पर जांच
दुर्ग में बघेल कॉर्पोरेट प्राइवेट लिमिटेड के एमडी रोशन बघेल के कार्यालय और घर पर भी ED की टीम ने छापा मारा। यहां से करीब 5 लाख रुपये नकद, तीन मोबाइल और संपत्ति से जुड़े दस्तावेज ले जाने की जानकारी सामने आई है।
दोनों कारोबारियों के ठिकानों पर हुई कार्रवाई को कथित तौर पर अलग-अलग मामलों से जोड़कर देखा जा रहा है। नितिन डागा के यहां छापे को DMF और रोशन बघेल के ठिकानों पर कार्रवाई को कोल लेवी मामले से जोड़ने की चर्चा है।
हालांकि, ED की ओर से अब तक छापेमारी के कारणों और बरामद सामग्री को लेकर आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही कार्रवाई की पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी।



