CHHATTISGARH | रिपोर्ट में निकला खतरनाक वायरस …

रायपुर। भाटापारा में सुअरों की लगातार हो रही मौतों की वजह सामने आ गई है। टेहका रोड स्थित फार्म हाउस से जांच के लिए भोपाल भेजे गए सैंपल की रिपोर्ट में अफ्रीकन स्वाइन फीवर की पुष्टि हुई है। एसडीएम श्यामा पटेल ने बीमारी की पुष्टि की जानकारी दी है।
रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद संबंधित फार्म हाउस को क्वारंटीन कर दिया गया है। पशु चिकित्सा विभाग की निगरानी में संक्रमण रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। संक्रमित सुअरों को निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत नियंत्रित करने और जरूरत पड़ने पर हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने फार्म हाउस के आसपास करीब एक किलोमीटर के दायरे में निगरानी बढ़ा दी है। सुअरों की आवाजाही, बीमारी के लक्षण और संभावित संक्रमण पर नजर रखी जा रही है।
अफ्रीकन स्वाइन फीवर सुअरों में फैलने वाली अत्यंत संक्रामक वायरल बीमारी है। यह बीमारी मनुष्यों को संक्रमित नहीं करती, लेकिन सुअरों के लिए गंभीर खतरा मानी जाती है। संक्रमण दूषित उपकरण, कपड़े, जूते, वाहन और अन्य माध्यमों से भी फैल सकता है।
बीमारी की पुष्टि के बाद आसपास के सुअर पालकों में चिंता बढ़ गई है। प्रशासन ने पशुपालकों से सतर्क रहने और सुअरों में असामान्य लक्षण या अचानक मौत होने पर तत्काल पशु चिकित्सा विभाग को सूचना देने की अपील की है।



