CHHATTISGARH | सुकमा में वर्षों पुरानी संलग्नीकरण व्यवस्था खत्म

सुकमा. सुकमा के शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक झटका लगा है। जिला प्रशासन ने एक साथ 27 कर्मचारियों और शिक्षकों की संलग्नीकरण व्यवस्था खत्म करते हुए उन्हें उनके मूल पदस्थापना स्थल पर लौटने का आदेश जारी कर दिया है।
स्कूल शिक्षा मंत्री की समीक्षा बैठक के बाद जारी इस फैसले से शिक्षा महकमे में हलचल तेज हो गई है। प्रधानपाठक, शिक्षक, सहायक ग्रेड-2, व्यायाम शिक्षक और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी अब अपने पुराने स्कूलों और संस्थानों में वापस जाएंगे।
विभागीय सूत्रों का कहना है कि इनमें कई कर्मचारी वर्षों से जिला शिक्षा कार्यालय, विकासखंड शिक्षा कार्यालय और छात्रावासों में प्रशासनिक जिम्मेदारियां संभाल रहे थे। ऐसे में उनके एक साथ लौटने से फाइलों के निपटारे, योजनाओं की मॉनिटरिंग और कार्यालयीन कामकाज पर असर पड़ सकता है।
हालांकि दूसरी तरफ जिन स्कूलों में लंबे समय से पद खाली पड़े थे, वहां अब पढ़ाई और शैक्षणिक गतिविधियों को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि शिक्षा विभाग कार्यालयों में पैदा होने वाली रिक्तियों और संभावित अव्यवस्था से निपटने के लिए आगे क्या रणनीति अपनाता है।


