ISRO INSAT-3DR | भारत का दो-तिहाई हिस्सा बादलों से ढका, भारी बारिश का अलर्ट

रायपुर डेस्क। ISRO के INSAT-3DR सैटेलाइट ने 19 जुलाई को जो तस्वीरें भेजीं, उन्होंने पूरे देश की तस्वीर बदल दी। भारत का करीब दो-तिहाई हिस्सा घने मॉनसूनी बादलों से ढका हुआ है। जम्मू-कश्मीर से लेकर बिहार, बंगाल और पूर्वोत्तर तक आसमान में बादलों का जबरदस्त जमावड़ा दिख रहा है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मॉनसून अब पूरी तरह एक्टिव मोड में है और कई राज्यों में भारी बारिश का खतरा बढ़ गया है।
सैटेलाइट इमेज में जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पूर्वोत्तर में बेहद ऊंचे और ठंडे तूफानी बादल दर्ज किए गए हैं, जो तेज बारिश, आंधी और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि का संकेत दे रहे हैं। IMD लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
विशेषज्ञों के मुताबिक हर जगह बादल होने का मतलब भारी बारिश नहीं होता, लेकिन जहां गहरे और ऊंचे तूफानी बादल बन रहे हैं वहां जलभराव, बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है। अगले कुछ दिन कई राज्यों के लिए मौसम की कड़ी परीक्षा साबित हो सकते हैं।



