RAIPUR PRAYAS SCHOOL | 9वीं के छात्र पर तंत्र क्रिया का आरोप, स्कूल ने थमा दी TC!

रायपुर. रायपुर के प्रयास आवासीय विद्यालय में 9वीं कक्षा के 13 साल के छात्र को दाखिले के महज 14 दिन बाद टीसी दिए जाने का मामला सामने आया है। छात्र के परिजनों का आरोप है कि बच्चे पर तंत्र क्रिया में शामिल होने जैसे आरोप लगाए गए और उन्हें पूरी जानकारी दिए बिना स्कूल से बाहर कर दिया गया।
हालांकि, तंत्र क्रिया से जुड़े आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
मामला छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग तक पहुंचा, जिसके बाद आयोग ने संज्ञान लिया है। आयोग ने छात्र की टीसी रद्द कर उसकी पढ़ाई दोबारा शुरू कराने के निर्देश दिए हैं। आयोग ने साफ कहा है कि जांच पूरी होने तक बच्चे की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
वहीं, स्कूल प्रबंधन ने अलग पक्ष रखा है। हॉस्टल अधीक्षक के मुताबिक छात्र के व्यवहार को लेकर उसकी काउंसलिंग कराई गई थी। प्रबंधन का कहना है कि छात्र अंधेरे में बैठता था और कमरे में आकृतियां बनाता था, जिससे हॉस्टल के कुछ बच्चे डर गए थे।
स्कूल का यह भी कहना है कि परिजनों को बुलाकर जानकारी दी गई थी और टीसी देने के लिए कोई दबाव नहीं बनाया गया। प्रबंधन के मुताबिक, परिजनों ने खुद टीसी के लिए लिखित आवेदन दिया था।
अब बाल आयोग ने प्रयास विद्यालय के प्राचार्य और अधीक्षक को 21 सितंबर को तलब किया है। दोनों से मामले से जुड़े दस्तावेज और अपना पक्ष मांगा गया है। जांच में यह देखा जाएगा कि छात्र पर कार्रवाई का आधार क्या था और टीसी देने की प्रक्रिया कैसे अपनाई गई।



