India Fourth Largest Economy: जापान को पछाड़कर भारत बना दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था
India Fourth Largest Economy: भारत ने एक और आर्थिक कीर्तिमान स्थापित करते हुए जापान को पीछे छोड़ दिया है और अब...
26, May, 2025 | India Fourth Largest Economy: भारत ने एक और आर्थिक कीर्तिमान स्थापित करते हुए जापान को पीछे छोड़ दिया है और अब वह दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने अपने नवीनतम आंकड़ों में इस बात की पुष्टि की है। नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) बी.वी.आर. सुब्रह्मण्यम ने नीति आयोग शासी परिषद की 10वीं बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में यह जानकारी दी।
सुब्रह्मण्यम ने कहा, “कुल मिलाकर वैश्विक और आर्थिक माहौल भारत के अनुकूल है। मैं जब बोल रहा हूं, तब हम चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था हैं।”
भारत की अर्थव्यवस्था जापान से बड़ी:
नीति आयोग के सीईओ ने IMF के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि भारत की अर्थव्यवस्था अब 4,000 अरब डॉलर (4.19 ट्रिलियन डॉलर) की हो चुकी है, जो जापान (4.19 ट्रिलियन डॉलर) से बड़ी है। उन्होंने कहा, “केवल अमेरिका (30.51 ट्रिलियन डॉलर), चीन (19.23 ट्रिलियन डॉलर) और जर्मनी (4.74 ट्रिलियन डॉलर) ही भारत से बड़े हैं और हम अगर अपने द्वारा बनाई गई योजनाओं और सोच पर कायम रहें तो 2.5 से 3 साल में हम तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होंगे।” उल्लेखनीय है कि 2024 तक भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था।
भारत की ग्रोथ बनी रहेगी तेज:
IMF ने भारत की विकास दर को भी वैश्विक औसत से बेहतर बताया है। रिपोर्ट के अनुसार, 2025 में भारत की अनुमानित ग्रोथ रेट 6.2% और 2026 में 6.3% रहने का अनुमान है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि यह स्थिर वृद्धि दर ग्रामीण क्षेत्रों में निजी खर्च और उपभोक्ता मांग की वजह से बनी है। हालांकि, वैश्विक अनिश्चितता और व्यापार तनाव के लिए जोखिम बने रहेंगे।
दुनिया की शीर्ष 10 अर्थव्यवस्थाएं (GDP, USD ट्रिलियन में):
- अमेरिका: $30.51
- चीन: $19.23
- जर्मनी: $4.74
- भारत: $4.19
- जापान: $4.19
- ब्रिटेन: $3.84
- फ्रांस: $3.21
- इटली: $2.42
- कनाडा: $2.23
- ब्राजील: $2.13



