CHHATTISGARH JOBS UPDATE | छत्तीसगढ़ में 1703 नौकरियां, आवेदन शुरू!

रायपुर। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए बड़ी खबर है। राज्य के 10 विभागीय पदों पर कुल 1,703 भर्तियों के लिए अधिसूचना जारी की गई है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (CGSSB) पहली बार इन पदों के लिए लिखित परीक्षा आयोजित करेगा।
इस भर्ती में सबसे ज्यादा 1,206 पद सहायक ग्रेड-3 के हैं। इसके अलावा सहायक उप निरीक्षक के 279, पंजीयक लिपिक के 50, उप निरीक्षक-अ के 34 और शीघ्रलेखक (हिंदी) के 30 पद शामिल हैं।
वहीं, डाटा एंट्री ऑपरेटर के 25, स्टेनो टाइपिस्ट के 23, शीघ्रलेखक (द्विभाषी) के 13, सहायक उप निरीक्षक-अ (सामान्य शाखा) के 40 और शीघ्रलेखक (अंग्रेजी) के 3 पदों पर भी भर्ती होगी।

27 नवंबर तक आवेदन का मौका
ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 5 नवंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी 27 नवंबर शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन में सुधार के लिए 28 से 30 नवंबर तक का समय दिया गया है।
10 जनवरी को होगी परीक्षा
लिखित परीक्षा 10 जनवरी 2027 को सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित होगी। अभ्यर्थी 4 जनवरी से मंडल की वेबसाइट पर प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। परीक्षा प्रदेश के पांच संभागीय मुख्यालयों में होगी।
खास बात यह है कि परीक्षा में शामिल होने वाले छत्तीसगढ़ के स्थानीय निवासी अभ्यर्थियों को नियमानुसार परीक्षा शुल्क वापस किया जाएगा। भर्ती की पात्रता, शैक्षणिक योग्यता और अन्य शर्तों की जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट https://cgssb.cgstate.gov.in पर जाएं।



