CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में बढ़ेगा पारा, कुछ जगहों पर बारिश और तेज हवाएं संभव, मौसम विभाग का अलर्ट
CG Weather Update: आने वाले दो दिनों में छत्तीसगढ़ का मौसम करवट ले सकता है। मौसम विभाग की ताजा अपडेट के अनुसार प्रदेश में अधिकतम तापमान में 1 से 3
05, June, 2025 | रायपुर। CG Weather Update: आने वाले दो दिनों में छत्तीसगढ़ का मौसम करवट ले सकता है। मौसम विभाग की ताजा अपडेट के अनुसार प्रदेश में अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। हालांकि इसके बाद तापमान में किसी खास बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है। इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी गई है।
बीते 24 घंटे का हाल
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से अति हल्की बारिश दर्ज की गई। तापमान की बात करें तो सबसे अधिक अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसमी तंत्र की स्थिति
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, इस समय मानसून की उत्तरी सीमा मुंबई, अहिल्यानगर, आदिलाबाद, भवानीपटना, पुरी, सैंडहेड द्वीप और बालुरघाट होते हुए 30°N/85°E तक फैली हुई है। इसके अलावा सुबह की उत्तर-दक्षिण दिशा में एक द्रोणिका (ट्रफ लाइन) समुद्र तल से लगभग 3.1 किमी ऊपर 22°N अक्षांश और 87°E देशांतर के उत्तर में बनी हुई है। यह प्रणाली छत्तीसगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों के मौसम को प्रभावित कर रही है।
आज कैसा रहेगा मौसम?
बुधवार 5 जून को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही मेघ गर्जन और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि स्थानीय स्तर पर मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा।
आगे क्या रहेगा हाल?
अगले 48 घंटों तक प्रदेश में अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री की वृद्धि हो सकती है। इसके बाद तापमान सामान्य रहने की संभावना है। इस दौरान भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाएं और हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है। ऐसे में किसानों और आम जनता को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
राजधानी रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में बुधवार को आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है। अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।



