छत्तीसगढ़

ASP Akash Rao Giripunje: शहीद एएसपी को CM साय, विधानसभा अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्रियों ने दिया कांधा, नम आंखों से अंतिम विदाई

ASP Akash Rao Giripunje: सुकमा जिले के कोंटा क्षेत्र में हुए नक्सली हमले में शहीद हुए एएसपी आकाश राव गिरपुंजे को शुक्रवार...

10, June, 2025 | रायपुर। ASP Akash Rao Giripunje: सुकमा जिले के कोंटा क्षेत्र में हुए नक्सली हमले में शहीद हुए एएसपी आकाश राव गिरपुंजे को शुक्रवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। माना स्थित चौथी वाहिनी परिसर में आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और अरुण साव सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं व अधिकारियों ने शहीद को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके पार्थिव शरीर को कांधा देकर सम्मानित किया।

चंगोराभाठा से निकली अंतिम यात्रा, उमड़ा जनसैलाब

शहीद आकाश राव की अंतिम यात्रा उनके राजधानी रायपुर स्थित चंगोराभाठा आवास से निकाली गई। पारंपरिक सैन्य सम्मान के साथ सजाए गए रथ में उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए ले जाया गया। यात्रा मार्ग में सैकड़ों लोग सड़क किनारे खड़े होकर आंसुओं के साथ शहीद को अंतिम सलाम करते नजर आए। लोगों की आंखें नम थीं और पूरा वातावरण ‘शहीद अमर रहें’ के नारों से गूंज रहा था।

चौथी वाहिनी में राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम सलामी

माना स्थित चौथी वाहिनी परिसर में आयोजित शोक सभा में मुख्यमंत्री साय ने शहीद आकाश राव के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और कहा कि प्रदेश को उनके वीर सपूत पर गर्व है। डॉ. रमन सिंह, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, अरुण साव और मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी शहीद को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान सैन्य दस्ते द्वारा शहीद को सलामी दी गई और उन्हें पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।

नक्सली हमले में हुए थे शहीद

गौरतलब है कि सुकमा जिले के कोंटा क्षेत्र में सुरक्षा बलों के गश्ती दल पर नक्सलियों ने आईईडी विस्फोट कर हमला किया था, जिसमें एएसपी आकाश राव गंभीर रूप से घायल हो गए थे और बाद में शहीद हो गए। उनके शौर्य और बलिदान को लेकर पूरे प्रदेश में शोक की लहर है।

प्रदेश ने खोया बहादुर अफसर

एएसपी आकाश राव गिरपुंजे को एक जांबाज़, निष्ठावान और कर्तव्यपरायण पुलिस अधिकारी के रूप में जाना जाता था। उनके साहस और समर्पण को प्रदेश हमेशा याद रखेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में उनका बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा और सरकार उनका सपना अधूरा नहीं रहने देगी।

शहीद आकाश राव को अंतिम विदाई देने पहुंचे हजारों लोग इस बात का प्रमाण थे कि एक सच्चे सपूत ने अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए मातृभूमि की रक्षा में अपने प्राण न्यौछावर किए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button