CHHATTISGARH | यूथ कांग्रेस चुनाव की लड़ाई पहुंची सड़क तक? CCTV VIDEO वायरल

भिलाई. भिलाई में यूथ कांग्रेस चुनाव को लेकर घमासान के बीच मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो नेहरू नगर का बताया जा रहा है, जिसमें कुछ युवक पिज्जा डिलीवरी बॉय के साथ कथित तौर पर मारपीट करते नजर आ रहे हैं।
वीडियो में डिलीवरी बॉय हाथ जोड़कर माफी मांगता दिखाई दे रहा है। इसके बावजूद उसके साथ थप्पड़ और मुक्कों से मारपीट किए जाने का आरोप है। घटना 29 अगस्त की रात की बताई जा रही है।
मामले में डिलीवरी बॉय राहुल साहू ने सुपेला थाने में शिकायत की है। शिकायत के मुताबिक, राहुल ने आदित्य वैष्णव, आयुष सिंह, नितिन सिंह समेत अन्य युवकों पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पिज्जा पहुंचाकर लौट रहा था युवक, रास्ते में शुरू हुआ विवाद
शिकायत के मुताबिक, राहुल स्टील कॉलोनी कातुलबोर्ड का रहने वाला है और नेहरू नगर के डोमिनोज में काम करता है। 29 अगस्त की रात करीब 2 बजे वह स्मृति नगर में पिज्जा डिलीवर कर लौट रहा था।
आरोप है कि रास्ते में उसे राहुल साहू, आदित्य वैष्णव, आयुष सिंह और नितिन दो बाइक पर जाते मिले। युवकों ने कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी। करीब 2:30 बजे राहुल कैश जमा करने के लिए रुका, जहां दोबारा विवाद हुआ और उसके साथ मारपीट की गई।
राहुल ने अपने दोस्तों मयंक लकड़ा और लीलाधर साहू को बुलाया। आरोप है कि बीच-बचाव करने पहुंचे दोनों युवकों से भी मारपीट की गई। इसके बाद सभी डोमिनोज पहुंचे, लेकिन आरोपियों के वहां पहुंचकर फिर गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप है।
शिकायत के मुताबिक, इसी दौरान एक युवक के हाथ में पहने कड़े से राहुल के सिर पर चोट लगी।
अमन सिंह पर भी मारपीट का आरोप
घटना के दौरान नितिन सिंह के भाई अमन सिंह के मौके पर पहुंचने की बात शिकायत में कही गई है। आरोप है कि अमन ने भी डिलीवरी बॉय से गाली-गलौज और मारपीट की।
अमन सिंह दुर्ग ग्रामीण जिला यूथ कांग्रेस अध्यक्ष पद के प्रत्याशी बताए जा रहे हैं और इससे पहले अहिवारा यूथ कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
घटना डोमिनोज में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड होने की बात सामने आई है। इसी फुटेज के वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया है।
यूथ कांग्रेस चुनाव को लेकर पहले भी हुआ था विवाद
भिलाई में यूथ कांग्रेस चुनाव को लेकर इससे पहले 5 सितंबर को खुर्सीपार में भी विवाद सामने आया था। चुनाव प्रचार के दौरान दो पक्षों के युवाओं के बीच बहस के बाद धक्का-मुक्की और झूमाझटकी हुई थी।
उस मामले में भिलाई नगर विधानसभा अध्यक्ष पद के प्रत्याशी रॉबिन सिंह और दूसरे गुट के प्रत्याशी अर्जुन शर्मा से जुड़े समर्थकों के बीच विवाद बताया गया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को अलग कराया था।
लगातार सामने आ रहे इन विवादों के बाद भिलाई में यूथ कांग्रेस चुनाव की सियासी जंग अब सड़क पर भी दिखाई देने लगी है।



