RAIPUR RAWATPURA COLONY | 40 मकानों पर चला बुलडोजर, मचा हड़कंप!

रायपुर. रायपुर में बुधवार सुबह अचानक 12 बुलडोजर पहुंचे और रावतपुरा कॉलोनी फेस-2 में बने करीब 40 मकानों पर कार्रवाई शुरू हो गई। नगर निगम जोन-6 की टीम के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा।
नगर निगम के मुताबिक, इन मकानों का निर्माण स्वीकृत लेआउट के बाहर बिना अनुमति किया गया था। कार्रवाई से पहले संबंधित बिल्डरों और मकान मालिकों को नोटिस भी जारी किए गए थे।
जोन-6 कमिश्नर हितेंद्र यादव के मुताबिक, इलाके में जलभराव, पानी, बिजली और नाली से जुड़ी शिकायतें भी मिली थीं। जांच में लेआउट के बाहर निर्माण सामने आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के बाद संबंधित बिल्डरों ने आगे लेआउट के बाहर निर्माण नहीं करने का भरोसा दिया है।
हालांकि, कार्रवाई को लेकर कांग्रेस नेता कन्हैया अग्रवाल ने सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि अगर जमीन का डायवर्सन हुआ, रजिस्ट्री हुई और सरकारी शुल्क जमा कर जमीन खरीदी गई, तो बाद में मकानों को अवैध कैसे माना गया? उन्होंने कार्रवाई रोकने और प्रभावित परिवारों के मकानों के नियमितीकरण की मांग की है।
कांग्रेस ने यह भी कहा है कि अगर अवैध प्लाटिंग या निर्माण हुआ है तो सिर्फ मकान मालिकों पर कार्रवाई नहीं होनी चाहिए, बल्कि जमीन के डायवर्सन, रजिस्ट्री और निर्माण से जुड़े जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।



