CG CUSTOM MILLING | 40 से 120 रुपये कैसे हुआ बोनस? ED ने फिर खंगाले रिकॉर्ड

रायपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित कस्टम मिलिंग मामले में ED की जांच आगे बढ़ रही है। एजेंसी ने भूपेश बघेल सरकार के कार्यकाल में कस्टम मिलिंग की प्रोत्साहन राशि बढ़ाए जाने से जुड़े रिकॉर्ड खंगालने शुरू किए हैं। राज्य सरकार की ओर से ED को करीब साढ़े तीन सौ पेज की जानकारी उपलब्ध कराए जाने की बात सामने आई है।
मामला खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 से जुड़ा है। उस समय कस्टम मिलिंग की विशेष प्रोत्साहन राशि 40 रुपये से बढ़ाकर 120 रुपये प्रति क्विंटल की गई थी। बाद में इसी बढ़ी हुई राशि के बीच राइस मिलर्स से कथित अवैध वसूली के आरोपों की जांच ED और EOW ने की।
जांच एजेंसियों के मुताबिक इस मामले में करीब 140 करोड़ रुपये की कथित अवैध वसूली का आरोप सामने आया था। मनोज सोनी, रोशन चंद्राकर समेत कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई और चार्जशीट की जानकारी पहले सामने आ चुकी है।
अब ED की पड़ताल में यह देखा जा रहा है कि प्रोत्साहन राशि बढ़ाने की प्रक्रिया, उससे जुड़े दस्तावेज और बाद की कथित वसूली के बीच क्या कड़ी थी। मामले में आगे और दस्तावेज तथा जानकारी जुटाए जाने की संभावना है।



